बड़ौत। साहब मैं स्वयं सहायता समूह की महिला बोल रही हूूं। ब्लॉक में तैनात अधिकारियों और कलस्टर की कुछ पदाधिकारियों ने पोषण सखी की नियुक्ति करने में गड़बड़ी की है। बिना परीक्षा और इंटरव्यू कराए तीन महिलाओं का चयन किया है, वह भी पैसे लेकर।
मामला बड़ौत ब्लॉक से जुड़ा हुआ है। ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले एक गांव की कुछ स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने एडीओ आईएसबी भूपेंद्र कुमार को पहले फोन और फिर लिखित शिकायत कर बताया कि अगस्त माह में ब्लाक मुख्यालय पर ही पोषण सखी का चयन करने के लिए एक परीक्षा कराई गई थी। जिसमें बहुत सी महिलाओं ने प्रतिभाग किया।
परीक्षा और इंटरव्यू के बाद 15 महिलाओं का चयन पोषण सखी के रूप में किया। आरोप लगाया कि चयनित 15 महिलाओं में तीन ऐसी महिलाएं है, जिन्होंने न तो परीक्षा दी और न ही इंटरव्यू। उक्त महिलाओं से विभागीय कर्मचारियों व गठित चयन समिति के पदाधिकारियों से सुविधा शुल्क लिया है।
एडीओ आईएसबी भूपेंद्र कुमार ने बताया कि ऐसा एक प्रकरण आया था, जो गंभीर है, इसकी जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी। डीसी ब्रजभूषण ने बताया कि सरकार की योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। हमारे पास भी शिकायत आती रहती है। हमने महिलाओं को समझाया है कि यदि कोई शिकायत है तो वे ग्राम संगठन में शिकायत करें, कलस्टर के पदाधिकारियों से शिकायत करें, निश्चित ही समाधान होगा। यदि फिर भी समाधान नहीं होता तो मामला गंभीरता से दिखवाया जाएगा।