बागपत। यहां सृजित पदों से ज्यादा ग्राम पंचायत अधिकारियों की तैनाती से घमासान मच गया। सीडीओ नीरज कुमार श्रीवास्तव ने डीपीआरओ को नोटिस देकर बिनौली ब्लॉक में नौ पदों के सापेक्ष 12 ग्राम पंचायत अधिकारियों की तैनाती पर स्पष्टीकरण मांगा है।
इसके अलावा कोई भी तबादला करने के लिए डीडीओ से बातचीत करने के लिए कहा गया है। ग्राम पंचायत अधिकारियों तथा ग्राम विकास अधिकारियों के तबादलों का दौर चल रहा है, इसलिए दोनों विभागों के कुछ कर्मी मनपसंद ग्राम पंचायतों में तैनाती पाने के लिए भागदौड़ करने में लगे हैं। इनकी तैनाती में किस तरह से नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इसका इससे ही पता चलता है कि सीडीओ ने डीपीआरओ को तबादलों पर नोटिस जारी कर दिया। नोटिस में कहा कि डीपीआरओ ने बिनौली ब्लॉक में ग्राम पंचायत अधिकारियों के स्वीकृत नौ पदों के सापेक्ष 12 की तैनाती कर दी, जो नियम विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि डीपीआरओ को ग्राम पंचायत अधिकारियों के स्थानंतरण से पहले डीडीओ से बातचीत करनी चाहिए थी। इसमें डीपीआरओ से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इस तरह हुआ मामला
डीपीआरओ ने पांच जून को पांच ग्राम पंचायत अधिकारियों का तबादला कर दिया। इसके बाद जिला विकास अधिकारी अखिलेश कुमार चौबे ने सीडीओ के सामने ग्राम विकास अधिकारियों के स्थानांतरण के लिए फाइल भेजी। डीडीओ ने प्रत्येक ब्लाॅक में ग्राम पंचायत अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों के सृजित पदों तथा रिक्त पदों का ब्योरा पेश किया। इससे बिनौली ब्लॉक में सृजित पदों से ज्यादा ग्राम पंचायत अधिकारियों की नियुक्ति का मामला सामने आया।
तबादलों की फाइल में शामिल होना चाहते हैं अधिकारी
इस समय विभागों में तबादलों का दौर चल रहा है और इन तबादलों की फाइल में सभी अधिकारी शामिल होना चाहते हैं, इसलिए ही नोटिस में यह भी लिखा गया कि तबादला करते हुए डीडीओ से बातचीत की जाए, जबकि डीडीओ का ग्राम पंचायत अधिकारियों के तबादले में कोई योगदान नहीं है।
ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारियों की कमी से परेशानी
जिले में ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारियों के कुल 119 पद सृजित हैं। इनमें 83 पद भरे हैं, लेकिन 35 पद रिक्त चल रहे हैं। इससे ग्राम पंचायतों में कामकाज प्रभावित होता रहता है।
ग्राम पंचायत व ग्राम विकास अधिकारियों के रिक्त पद
ब्लॉक रिक्त पद
बागपत 03
खेकड़ा 05
पिलाना 02
बड़ौत 10
बिनौली 07
छपरौली 09
-
सीडीओ को स्पष्टीकरण भेज दिया गया है। ग्राम पंचायत अधिकारियों के तबादले नियमानुसार किए हैं। बिनौली ब्लॉक में ज्यादा ग्राम पंचायत अधिकारियों की नियुक्ति नहीं की है। यह मुझसे पूर्व की नियुक्तियां हैं।
-अरुण अत्री, जिला पंचायत राज अधिकारी