झगड़े के बाद मौके पर जमा भीड़।
- फोटो : amar ujala
बागपत के बड़ौत के गडरियान मुहल्ले में शनिवार को दूसरे दिन भी कुरैशी और सलमानी बिरादरी में जमकर धारदार हथियार और लाठी-डंडे चले। इसमें एक ही पक्ष के दो महिला समेत चार लोग घायल हो गए। इस दौरान हमलावर एक दुकान का सामान तोड़ कर 50 हजार रुपये की नगदी भी लूटकर ले गए। इस संबंध में घायलों ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
गड़रियान मुहल्ले में शुक्रवार को रास्ते में ईंटों से भरी बुग्गी को हटाने को लेकर सलमानी और कुरैशी बिरादरी के लोगों के बीच संघर्ष हुआ था। इसमें सलमानी पक्ष के एक महिला समेत चार लोग घायल हो गए थे, लेकिन उस समय कुछ लोगों ने हस्तक्षेप करके दोनों पक्षों में आपसी सहमति करा दी थी।
शनिवार को शाम के समय फिर से 30-40 युवक हाथों में धारदार हथियार और लाठी-डंडे लेकर आए और काला की दुकान पर हमला बोल दिया। उन्होंने काला को छुरी मारने की कोशिश की, लेकिन वह वहां से भाग निकला। हमलावरों ने उसकी दुकान में जमकर तोड़फोड़ की और गल्ले से 50 हजार रुपये लूटकर ले गए। इसके बाद उन्होंने दिव्यांग रेश्मा पुत्री जमील, साइन पत्नी नौशाद, नौशद, नदीम पर हमला बोल दिया। इससे चारों गंभीर घायल हो गए।
इस वारदात से मुहल्ले में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो पुलिस को देखकर हमलावर भाग निकले। इस संबंध में जमील ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। पुलिस को मौके से एक छुरी मिली है। इस भगदड़ में एक बाइक भ ी नाले में गिरी है। इस वारदात के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।