पत्ती जला रहे किसान को एसडीएम ने पकड़ा
खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के बड़ागांव के जंगल में गन्ने की पत्ती जला रहे एक किसान को एसडीएम ने रंगे हाथों पकड़कर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद गांव से किसान इकट्ठा होकर खेकड़ा कोतवाली में पहुंचे और पकड़े गए किसान को छुड़ाने के लिए कोतवाली में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने किसान का शांति भंग की धाराओं में चालान कर दिया।
बड़ागांव निवासी किसान नरेंद्र सिंह बृहस्पतिवार की सुबह अपने खेत में गन्ने की पत्ती जला रहा था। तभी उपजिलाधिकारी राजपाल सिंह मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मौके पर कोतवाली पुलिस को बुलाकर किसान को उनके हवाले कर दिया। इसका पता लगते ही अनेक ग्रामीण वाहनों पर सवार होकर खेकड़ा कोतवाली में पहुंच गए। किसानों ने नरेंद्र को छुड़ाने के लिए हंगामा कर कहा कि खेकड़ा में चल रही सैकड़ों फैक्ट्रियां अत्यधिक मात्रा में प्रदूषण फैला रही है। प्रशासन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। जबकि नरेंद्र सिंह के खिलाफ गन्ने की थोड़ी सी पत्ती जलाने पर ही कार्रवाई कर दी गई। किसान अब इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके बाद पुलिस ने किसान का शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया। इसके बाद आक्रोशित किसान खेकड़ा तहसील पर पहुंचे। जहां उन्होंने एसडीएम के समक्ष भी खेकड़ा शहर में चलने वाली प्रदूषण फैला रही फैक्ट्रियों का मुददा उठाया और किसानों के बजाय फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ कार्रवाई कराए जाने की मांग की। उपजिलाधिकारी ने किसानो को प्रदूषण फैला रही फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ कार्रवाई कराए जाने का आश्वासन दिया। उपजिलाधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि पत्ती जलाने के आरोप में पकड़े गए बडागांव निवासी किसान नरेंद्र को भविष्य में खेतो में फसलों के अवशेष न जलाए जाने की हिदायत देकर जमानत पर छोड़ दिया गया।