रमाला। गुंगाखेड़ी गांव में चकरोड़ को कब्जामुक्त कराने गए नायब तहसीलदार के साथ ग्राम प्रधान ने अपने भाई के साथ मिलकर गाली-गलौज और हाथापाई की। तहरीर मिलने पर पुलिस ने प्रधान और उसके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बड़ौत नायब तहसीलदार विकास यादव ने बताया कि गुंगाखेड़ी गांव के रहने वाले रामहेर ने तहसील दिवस में चकरोड़ पर कब्जा होने की शिकायत की थी। बड़ौत एसडीएम के निर्देश पर वह राजस्व टीम को लेकर चकरोड़ कब्जामुक्त कराने के लिए गुंगाखेड़ी पहुंचे। आरोप लगाया कि तभी प्रधान भूपेंद्र सिंह अपने भाई प्रवेन्द्र व दो-तीन अज्ञात लोगों को लेकर वहां पहुंचा और काम रुकवा दिया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई करते हुए अभद्रता की। जिसके बाद राजस्व टीम को गांव से भाग जाने की धमकी दी।
उधर सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही प्रधान व उसका भाई भाग गए। इसके बाद राजस्व विभाग की टीम ने चकरोड़ को कब्जा मुक्त कराया गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि नायब तहसीलदार विकास यादव तहरीर पर प्रधान भूपेन्द्र और उसके भाई प्रवेन्द्र व दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जिसमें जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।