रटौल। पांची मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप स्कार्पियो गाड़ी ने बैल बुग्गी में टक्कर मार दी, जिससे घायल बुजुर्ग की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर ग्रामीणों ने घायल बैल का उपचार कराया।
पांची गांव में रहने वाला सियाराम (65) शनिवार की सुबह बैलबुग्गी से खेत में गन्ना छीलने जा रहा था। पांची-रटौल मार्ग पर पेट्रोल पंप से आगे सामने से स्कार्पियो गाड़ी ने बैल बुग्गी में टक्कर मार दी। हादसे में सियाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। बैल भी घायल हो गया और बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीर वहां इकट्ठा हुए तो चालक गाड़ी लेकर भाग गया। राहग घायल को खेकड़ा के निजी चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया कि जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मजदूर की मौत हो गई। चांदीनगर थाना प्रभारी ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि सियाराम गन्ना छीलकर पशुओं के चारे का इंतजाम करता था। चांदीनगर थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।