बागपत। मुरादगर मार्ग पर बागपत से पांची गांव तक दस करोड़ रुपये से सड़क की हालत सुधारी जाएगी। इसके लिए शासन से मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग के अफसरों ने निविदा जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। उधर मार्ग की हालत सुधरने से 20 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
बागपत-मुरादनगर मार्ग से दो जिलों के 20 से अधिक गांवों के ग्रामीण नियमित आवागमन करते हैं। जिसकी हालत खराब होने और जगह-जगह गड्ढे होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सड़क का सर्वे कराया और हालत खराब मिलने पर प्रस्ताव बनाकर अधीक्षण कार्यालय पर भेजा। अधीक्षण कार्यालय से स्वीकृति मिलने के बाद शासन को प्रस्ताव भेजा गया। बताया कि शासन ने मुरादनगर मार्ग पर बागपत से पांची तक सड़क की हालत सुधारने के लिए दस करोड़ रुपये बजट खर्च करने की स्वीकृति दे दी और बजट भी जारी कर दिया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सड़क की हालत सुधारने के लिए निविदा जारी करने की तैयारी में जुट गए हैं।
इन गांवों के ग्रामीणों को मिलेगी सुविधा
मुरादनगर मार्ग से जिले के कासमाबाद दुड़भा, अहैड़ा, पाबला, हरचंदपुर, सुन्हैड़ा, बसी, खट्टा प्रहलादपुर, पांची, ढिकौली, चांदीनगर, चमरावल, कहरका, मुकारी, घटौली और गाजियाबाद जिले के कई गांवों के ग्रामीणों को सुविधा मिलेगी।
मुरादनगर मार्ग पर बागपत से पांची तक सड़क की हालत सुधारने के लिए दस करोड़ रुपये बजट की मंजूरी मिली है। जिसकी जल्द ही निविदा जारी की जाएगी। - अतुल कुमार, अधिशासी अभियंता, लोनिवि।