फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बागपत आग हादसा: कपिल की मौत, दुकान से सामान निकालते वक्त हुआ था हादसा; सिलेंडर फटने से तीन लोग झुलसे

Fri, 09 Oct 2026 01:29 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बागपत

सार

खेकड़ा में विनय जैन के मकान में आग लगने और दो गैस सिलेंडर फटने से तीन लोग झुलस गए थे। दुकान से सामान बाहर निकालने में मदद करते समय झुलसे कपिल कुमार ने शुक्रवार सुबह सफदरजंग अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।
विज्ञापन
युवक का फाइल फोटो व विलाप करते परिजन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बागपत के खेकड़ा कस्बे में शॉर्ट सर्किट से लगी आग और दो गैस सिलेंडर फटने की घटना में झुलसे घास मंडी निवासी कपिल कुमार (38) की शुक्रवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बृहस्पतिवार सुबह लगी आग के दौरान कपिल दुकान से सामान बाहर निकालने में मदद कर रहा था, तभी वह आग की चपेट में आ गया। हादसे में दुकानदार अंकुर जैन और उनके पड़ोसी जाहिद भी झुलस गए थे। दोनों का अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

विज्ञापन
Trending Videos

शॉर्ट सर्किट के बाद फटे दो गैस सिलेंडर
खेकड़ा में पाठशाला रोड पर पुलिस चौकी के पास विनय जैन के मकान में बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे आग लग गई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग शॉर्ट सर्किट से लगी। इसके बाद मकान में बनी दुकान में रखे दो गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गए। हादसे के दौरान दुकान से सामान बाहर निकालने की कोशिश में तीन लोग झुलस गए।

मदद करते समय आग की चपेट में आया कपिल
घास मंडी निवासी कपिल कुमार बोरिंग का काम करता था। घटना के समय वह अपने काम पर जा रहा था। दुकान में आग लगी देखकर वह मदद के लिए सामान बाहर निकलवाने लगा। इसी दौरान वह आग की चपेट में आकर झुलस गया। दुकानदार अंकुर जैन और उनके पड़ोसी जाहिद भी इस हादसे में घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
विज्ञापन

शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान तोड़ा दम
अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह कपिल की मौत हो गई। उसकी मां मेमकला और बहन शिवानी ने परिजनों को इसकी सूचना दी। कपिल की मौत की खबर से परिवार और मोहल्ले में शोक छा गया। हादसे में झुलसे अंकुर जैन और जाहिद की हालत स्थिर बताई गई है।

बचपन में पिता को खोया, परिवार में इकलौता था कपिल
कपिल मूल रूप से शामली जिले के कांधला क्षेत्र के गांव जोला का रहने वाला था। बचपन में ही उसके पिता रामनिवास का निधन हो गया था, जिसके बाद उसके मामा परिवार को खेकड़ा ले आए थे। कपिल तभी से अपने ननिहाल में रह रहा था। उसकी शादी नहीं हुई थी और वह परिवार में इकलौता था। उसकी तीन बहनें शिवानी, महिमा और आरती हैं। हादसे के बाद उसकी मां, बहन और मामा अस्पताल में उसके साथ थे।

जांच अधिकारी आशीष पुंडीर के अनुसार, विनय जैन के मकान में आग लगने के बाद दुकान से सामान निकालने में मदद करते समय कपिल झुलस गया था। उसे उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें