-रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह 19 मई को चांदीनगर क्षेत्र के नौ गांवों में जाएंगे
-सांसद डा. सत्यपाल सिंह दो दिन पहले ही उस क्षेत्र के कई गांवों में जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह का जहां से समरसता अभियान शुरू होगा। वहां से पहले ही सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने अपना जनसंपर्क अभियान शुरू करने की तैयारी कर दी। जयंत का अभियान 19 मई से शुरू होना है और सांसद उस क्षेत्र में दो दिन पहले 17 मई को पहुंच जाएंगे।
रालोद ने पश्चिमी उप्र में समरसता अभियान शुरू करने की पूरी तैयारी की हुई है और उसका कार्यक्रम भी जारी कर दिया गया है। इसकी शुरुआत 19 मई को बागपत से होगी और पहले ही दिन चांदीनगर क्षेत्र के नौ गांवों में रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह लोगों से बातचीत करेंगे। इनमें पांची, चमरावल, ललियाना, गौना, सहवानपुर, सिंगोली तगा, भैड़ापुर, विनयपुर, भगोट गांव शामिल है। वहीं इससे पहले 17 मई का सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने उस क्षेत्र के मंसूरपुर, ललियाना, गौना, सहवानपुर, लहचौडा में अपना जनसंपर्क कार्यक्रम रख लिया है। इस तरह से चौधरी जयंत सिंह से पहले ही सांसद डा. सत्यपाल सिंह उन गांवों में जाएंगे और लोगों की नब्ज टटोलने का प्रयास करेंगे।