सरस्वती नर्सिंग होम में छापा, अल्ट्रासाउंड मशीन सीज की
बागपत, बड़ौत। छपरौली रोड स्थित सरस्वती नर्सिंग होम में सोमवार को डीएम और सीएमओ के आदेशों पर नोडल अधिकारी ने छापा मारकर अल्ट्रासाउंड मशीन सीज कर दी।
छपरौली रोड स्थित सरस्वती नर्सिंग होम में चिकित्सक हरेंद्रपाल सिंह के प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने के बाद सोमवार को डीएम और सीएमओ के निर्देश पर नोडल अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने अस्पताल में छापा मारा। डॉ. गजेंद्र सिंह ने अल्ट्रासाउंड मशीन को सीज कर दिया। उनके साथ डिप्टी सीएमओ रोबिन कुमार, कोर्डिनेटर राकेश, स्टेनों डा सुरेश कुमार भी शामिल रहे।
उल्लेखनीय है कि डीएम राजकमल यादव व सीएमओ डा दिनेश को शिकायत मिली थी कि छपरौली रोड स्थित सरस्वती नर्सिंग होम में चिकित्सक हरेंद्रपाल सिंह काफी समय से लोगों की आंख में धूल झोंक कर मरीजों का उपचार कर रहा था। शिकायत के बाद इस चिकित्सक के शैक्षिक अभिलेखों की जांच की तो आरोपी चिकित्सक हरेंद्रपाल सिंह की डिग्री व रजिस्ट्रेशन फर्जी निकला। सीएमओ डाक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि चिकित्सक हरेंद्रपाल सिंह ने एमडी की जिस डिग्री व अन्य अभिलेखों को स्वास्थ्य विभाग में जमा करा रखा था वह किसी अन्य अभ्यर्थी के नाम पर हैं। वह नर्सिंग होम में अल्ट्रासाउंड सेंटर व शामली जनपद में भी एक अल्ट्रासाउंड सेंटर का संचालन कर रहा था।
मामले में नोडल अधिकारी डॉ. गजेंद्र सिंह ने चिकित्सक हरेंद्रपाल, अस्पताल की मालिक अनीता शर्मा पत्नी अजय शर्मा, अल्ट्रासाउंड की मालिक आंचल शर्मा पत्नी राजेश शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।