बागपत। माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के पदाधिकारी बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षण से मिले। संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों के सितंबर माह के वेतन भुगतान पर चर्चा की। जिस पर विभाग के अधिकारियों ने उन्हें 71 में 68 विद्यालयों का वेतन एक अक्तूबर को उनके खातों में स्थानांतरित कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में डीआईओएस रविंद्र सिंह व लेखाधिकारी राजन जौहरी ने बताया कि 68 के विद्यालयों के शिक्षकों के वेतन पारित कर उनके टोकन कोषागार में भिजवा दिए हैं। इन विद्यालयों के शिक्षकों के खातों में एक अक्तूबर को सितंबर माह का वेतन पहुंच जाएगा। शिक्षक नेता वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जनपद में नई पेंशन योजना के शिक्षकों के लेजर बनाने की तैयारी हो गई है। शिक्षकों के अक्तूबर माह में लेजर तैयार करा दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन शिक्षकों के प्रकरण को समाधान कराने के लिए प्रयासरत है। शिक्षकों के प्रकरणों का समाधान कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर जिलाध्यक्ष उमेश कुमार, जिला मंत्री सतवीर सिंह, संरक्षक इंद्रपाल सिंह, राजेंद्र शर्मा, मनोज कुमार मौजूद रहे।