हाय-तौब्बा के बाद आखिकार गुड्डन की हो ही गई। एसडीएम कोर्ट ने युवती को उसकी मर्जी पर छोड़ दिया। बाद में उन दोनो के परिजनों ने रजामंदी से उनकी शादी कर दी। इसको लेकर बालैनी थाने में जमकर बखेड़ा हुआ।
बालैनी क्षेत्र के गांव पुरा के युवक सचिन का बुढ़सैनी गांव की युवती गुड्डन से पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनो ने एक साथ रहने की कसम खा ली थी और शादी को तैयार हो गए थे। युवती के परिजन इस पर सहमत नहीं थे। वे युवती को डांट रहे थे। तीन दिन पहले पुलिस कंट्रोल रूम पर युवती ने शिकायत की। पुलिस उसको बालैनी थाने ले गई थी।
वहां पर उसका प्रेमी भी पहुंच गया था। उन दोनो की शादी की तैयारी हो गई थी। लड़की के भाई ने वहां पर पहुंचकर बखेड़ा कर दिया था और अपनी बहन को नाबालिग बता दिया था। पुलिस ने जिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया।
इसमें उसकी उम्र 21 साल मिली। शुक्रवार को पुलिस सुरक्षा में लड़की एसडीएम कोर्ट में पेश हुई। कोर्ट ने लड़की को बालिग मानते हुए उसकी मर्जी पर छोड़ दिया था। गुड्डन अपने प्रेमी सचिन के साथ चली गई थी। इस मामले में आखिकार उनकी जिद के सामने परिजनों को झुकना पड़ा। सचिन का दावा है कि दोनों परिवार की सहमति पर उनकी शादी हो गई है। अब उनके बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है।