बागपत में केनरा बैंक, टीकरी में खिड़की काटकर बदमाश ने कैश चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन तिजौरी का लॉक नहीं खोल सका। जिससे वह पूरी रात बैंक में ही रहा। घटना का सोमवार सुबह बैंक खुलने के बाद पता चला। सूचना पर सीओ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।
शुक्रवार की शाम को केनरा बैंक कर्मचारी बैंक को बंद करके चला गया। सोमवार की सुबह जब उसने बैंक खोला तो अंदर सामान खुर्द बुर्द मिला और खिड़की टूटी थी। उन्होंने इसकी सूचना ब्रांच मैनेजर शंकर लाल मीणा को दी। सूचना पर वह बैंक पहुंचे और पहले तिजौरी में रखे कैश को देखा जो पूरा पाया गया।
इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो पूरा घटनाक्रम का पता चला। इसमें रविवार की रात में एक चोर खिड़की काटकर बैंक में अंदर घुसा और तिजौरी के पास पहुंचा। उसने तिजौरी को खोलने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं खुली। इसके बाद उसने बैंक में कैश काउंटर पर पहुंचकर और रुपयों की तलाश की, लेकिन उसे वहां भी कुछ हाथ नहीं लगा। चोर ने पूरे बैंक में सामान खुर्द बुर्द कर दिया, लेकिन कुछ नहीं मिला। चोर रविवार की पूरी रात में बैंक में ही रहा। ब्रांच मैनेजर ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर सीओ राजबीर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। इसमें चोर अंदर घुसते हुए आया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर को पकड़ने में जुट गई। इस संबंध में ब्रांच मैनेजर शंकर लाल मीणा ने थाने में बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।