बालैनी। पुरा महादेव-बालैनी मार्ग पर हरियाखेड़ा गांव के समीप गन्ने से भरे ट्रैक्टर ट्राली को बचाने के प्रयास में रोडवेज बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। जिसमें बैठी पांच सवारी घायल हो गयी। उनका अस्पताल में उपचार कराया गया।
पूठड़ गांव निवासी चालक मेरठ डिपो की रोडवेज बस चलाता है। बताया कि शुक्रवार रात वह बस अपने घर ले आया था। शनिवार की सुबह वह बस लेकर मेरठ जा रहा था, जिसमे पांच सवारियां भी बैठ गई थी। जैसे ही बस लेकर पुरा महादेव-बालैनी मार्ग पर हरियाखेड़ा गांव के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे गन्ने से लदे ट्रैक्टर ट्राली को बचाने के प्रयास में रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई।
हादसे में बस में सवार दीपक निवासी पिलाना, जोगेंद्र निवासी भौराकलां, बोबी निवासी डौलचा, चंद्रवीर निवासी मवीकलां और हरिमोहन निवासी सैड़भर घायल हो गए। इस मामले में थाना प्रभारी साक्षी सिंह का कहना है कि घायल का निजी अस्पताल में उपचार कराया गया।