बागपत। पुराने कस्बे के केतीपुरा मोहल्ले में बच्चों के बीच खेलने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। पुलिस के सामने ही जमकर मारपीट हुई और फायरिंग की गई। जिसमें पांच घायल हो गए। पुलिस ने 14 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छह को गिरफ्तार कर लिया।
केतीपुरा मोहल्ले में एक पक्ष के नईम व दूसरे पक्ष के जमाल के परिवारों के बच्चे शुक्रवार शाम को खेल रहे थे। उनमें विवाद हो गया तो वहां दोनों पक्षों के अन्य लोग भी पहुंच गए। जिन्होंने एक-दूसरे पर लाठी-डंडो व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इसका पता चलने पर कोतवाली पुलिस वहां पहुंची और मामला शांत कराने का प्रयास किया। मगर वहां पुलिस के सामने ही दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते रहे और पुलिस के सामने फायरिंग की गई। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। वहां दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस ने नईम पक्ष के नईम, आरिस, सलमान, वसीम, सलीम, शौकत, गुल्लू और जमील पक्ष के जमाल, आरिफ, शोएब, उमर, बबलू, सावेज, अनस के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से छह आरोपियों सलमान, आरिस, आरिफ, नईम, जमील, शोएब को गिरफ्तार किया गया। इनको पुलिस ने कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया।