संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। यात्रियों को लेकर लोनी से शामली जा रही बड़ौत डिपो की बस और ट्रक दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बावली गांव के पास आपस में भिड़ गए।
इस हादसे में बस चालक और उसमें सवार 25 यात्री घायल हो गए, जिनका निजी अस्पतालों में उपचार कराया गया। हादसे में ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया, इससे वहां काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। बड़ौत डिपो की रोडवेज बस रविवार दोपहर लोनी से शामली के लिए चली, उसमें करीब 40 यात्री सवार थे। बताया कि दोपहर में रोडवेज बस दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर बावली के पास पहुंची तो आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे चल रही बस के साथ ट्रक की भिड़ंत हो गई।
इस हादसे में ट्रक और बस क्षतिग्रस्त हो गए और बस में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हादसे के बाद बस से नीचे उतरने के लिए यात्रियों में अफरातफरी का माहौल बन गया।
कई यात्री खिड़की के शीशे के रास्ते से बाहर निकले। इस हादसे में बस में सवार यात्री रामबती, उसका पति सरबजीत, दया, संजय, पूनम, जावेद, नसीमा, तालिम, संजय, मनोज, हरबीर, विजय, दीपक, हिमांशु समेत 25 मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे में बस चालक मनीष को भी घायल हो गए। इससे वहां जाम की स्थिति बन गई। हादसे के बाद आए पुलिसकर्मियों ने दोनों वाहनों को हटवाकर आवागमन शुरू कराया।