खेकड़ा। कोतवाली पुलिस और गौतमबुद्ध नगर एसटीएफ ने संयुक्त रूप में मुठभेड़ के बाद 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार कर उससे तमंचा और कारतूस बरामद कर शुक्रवार को चालान कर दिया।
सीओ मंगल सिंह रावत ने बताया कि बृहस्पतिवार रात कोतवाली प्रभारी रवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त कर रहे थे। उन्हें मुखबिर द्वारा गांव घिटोरा निवासी बदमाश रोहित उर्फ मंत्री की रटौल के समीप नगला बड़ी नहर पटरी तिराहे पर मौजूदगी की जानकारी मिली। वे तुरंत मौके पर पहुंचे। दूसरी ओर गौतमबुद्ध नगर एसटीएफ टीम भी पहुंच गई। उन्हें नहर पटरी पर बदमाश रोहित उर्फ मंत्री खड़ा दिखा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। उससे तमंचा, दो कारतूस बरामद किए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि रोहित उर्फ मंत्री शातिर अपराधी है। पिछले वर्ष उसने गांव के ही रसोई गैस सप्लायर पर जानलेवा हमला किया था। इसके बाद से फरार था। पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने उस पर 25 हजार रुपये इनाम घोषित किया था। खेकड़ा कोतवाली में उसके खिलाफ जानलेवा हमले, गैंगस्टर और अवैध शस्त्र आदि के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका शुक्रवार को चालान कर दिया है।