टीम रिपोर्ट एसडीएम बागपत को भेजेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे में मेरठ-बागपत हाईवे चौड़ीकरण को लेकर बुधवार को लेखपालों की टीम ने सड़क के एक तरफ बने मकानों व दुकानों की पैमाइश की।
कानूनगो राजेश कुमार के नेतृत्व में लेखपाल विवेक शर्मा, प्रदीप राणा व बलवीर सिंह ने करीब 25 दुकानों व मकानों की पैमाइश की। बताया कि एसडीएम बागपत के आदेश पर पैमाइश की जा रही है। उन्होंने हाईवे निर्माण कंपनी द्वारा की गई निशानदेही की भी जांच की। पैमाइश के बाद रिपोर्ट एसडीएम बागपत को सौंपी जाएगी। उल्लेखनीय है कि कस्बे में सड़क निर्माण की जद में करीब ढाई सौ मकान व दुकानें, तीन बैंक शाखाएं तथा दो मंदिर आ रहे हैं। निर्माण कंपनी ने सड़क के मध्य से दोनों ओर 13-13 मीटर पर निशानदेही की है। दुकानदार इसका विरोध कर 10-10 मीटर पर अड़े हुए हैं। इसे लेकर करीब 15 दिन तक भारतीय किसान यूनियन बैनर तले युवा इकाई के जिलाध्यक्ष हिम्मत सिंह के नेतृत्व में धरना दिया था।
विधायक योगेश धामा ने धरना स्थल पर आश्वासन दिया था कि किसी का मकान नहीं तोड़ा जाएगा। सड़क के मध्य से 11-11 मीटर पर सड़क का निर्माण होगा। यदि अधिक भूमि जाएगी तो उसका मुआवजा दिलाया जाएगा। उनके साथ में एसडीएम बागपत भी थे। इसी आश्वासन पर दुकानदारों ने धरना समाप्त कर दिया था। पैमाइश के समय मौके पर डॉ. सुनील अग्रवाल, सुमित वर्मा, विजय मानव, संजय शर्मा, शिरोमणि शर्मा, नवाब अली, राजू, मोनू पहलवान, मुकेश रुहेला, अश्वनी, विकास, संजय मानव आदि मौजूद रहे।