चर्मशोधन इकाईयों का प्रदूषित पानी बना ग्रामीणों के लिए सिरदर्द
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। चर्मशोधन इकाईयों का प्रदूषित पानी भड़ल गांव के ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बना हुआ था। लगातार इसकी शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों से की जा रही थी। बुधवार को राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थलीय निरीक्षण किया।
बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग का बीते वर्ष विश्व बैंक की ओर से निर्माण कराया गया था। सड़क निर्माण कंपनी ने भडल से दाहा गांव की सीमा तक नाले का निर्माण किया था। मगर, इससे आगे पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की। इसके चलते नाले से बह रहा पानी दाहा के किसानों के खेतों में पहुंचने लगा। इस समस्या को लेकर किसान आक्रोशित थे। उन्होंने पानी को रोककर सड़क पर छोड़ दिया। दाहा निवासी सत्यवीर सिंह राणा, देवपाल सिंह राणा, विनोद राणा, पप्पन राणा ने जिला प्रशासन से मांग की थी कि पानी की निकासी के लिए दाहा-भडल सीमा से गैडबरा जाने वाले रास्ते पर नाला बनाया जाएं। बुधवार को स्थलीय निरीक्षण करने पहुंची राजस्व निरीक्षक कल्लू सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जाएगी। समस्या का जल्द समाधान होने की संभावना है। टीम में नकुल और रवि आदि मौजूद रहे।
स्टेडियम निर्माण की मांग उठाई
दोघट। भूतपूर्व सैनिक संगठन की बैठक नरवर सिंह के आवास पर हुई। इसमें चौगामा क्षेत्र में स्टेडियम का निर्माण कराने की मांग जिला प्रशासन से की गई। तय किया गया कि विभिन्न समस्याओं को लेकर एक पंचायत 14 मार्च को ग्राम निरपुडा में सूबेदार प्रताप सिंह के आवास पर होगी। बैठक में भीम सिंह, राजपाल सिंह, देवेंद्र शर्मा, चरण सिंह, राम पाल सिंह, ओम सिंह आदि ने विचार रखे।