बागपत। केदारनाथ में दर्शन करने गया शहर के मोहल्ला मुगलपुरा का रेस्टोरेंट संचालक लापता हो गया। पता चलने पर परिजन चिंतित हो गए। उधर सूचना मिलने पर केदारनाथ में सेना के जवानों ने रेस्टोरेंट संचालक की तलाश शुरू कर दी।
शहर के मोहल्ला मुगलपुरा में रहने वाले प्रमोद सैन ने बताया कि उसका बेटा पुलकित राष्ट्र वंदना चौक के पास रेस्टोरेंट चलाता है। जो अपने साथी प्रवीण, नवीन निवासी दिल्ली और वासु निवासी मुजफ्फरनगर के साथ दस मई की सुबह में केदारनाथ दर्शन करने गया था। बताया कि 11 मई की रात को केदारनाथ में दर्शन करने के बाद वह अपने साथियों के साथ वापस लौटने लगा। तेज बारिश होने के कारण पुलकित अपने साथियों से पीछे रह गया। घंटों बाद भी पुलकित के नहीं आने पर प्रवीण समेत अन्य ने वापस जाकर तलाश किया तो वह नहीं मिला। प्रवीण ने सेना के जवानों को जानकारी दी। सेना के जवानों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रविवार को भी पुलकित का कुछ पता नहीं चल सका।
फोन पर बोला, बारिश बहुत है, वापस लौट रहे हैं
प्रमोद सैन ने बताया कि 11 मई को पुलकित ने अपनी पत्नी चिंकी से फोन पर बात की। जिसने केदारनाथ में बारिश अधिक होने की बात कहते हुए वापस लौटने की जानकारी दी थी। इसके बाद पुलकित से फोन पर संपर्क नहीं हो सका।