बड़ौत। छपरौली रोड पर ईदगाह के सामने सड़क पर नमाज अदा करने और टैंट लगाकर ईद की बधाई देने के मामले में पुलिस ने छपरौली विधायक, फूंसवाली मस्जिद के शाही इमाम, रालोद नेताओं समेत बसपा के नगरपालिका बड़ौत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी समेत आठ नामजद व अज्ञात के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
बताते चलें ईद उल फितर की नमाज सड़कों अदा किए जाने पर शासन ने रोक लगा रखी थी। इसके बावजूद नगर में ईदगाह के सामने हजारों लोगों ने ईद की नमाज सड़क पर पढ़ी। एसपी मनीष मिश्र ने फोर्स के साथ सड़क से भीड़ को हटाने का प्रयास किया, लेकिन नमाजियों की तादाद ज्यादा होने के कारण पुलिस बल कुछ नहीं कर सका। इस सूचना पर डीएम राजकमल यादव और एसपी अर्पित विजयवर्गीय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए बड़ौत कोतवाली पर तैनात एसएसआई महेंद्र चौहान ने शहर इमाम आरिफ उल हक के अलावा छपरौली विधायक डॉ़ अजय समेत लोकदल नेता अश्वनी तोमर, गौरव तोमर, इरफान मलिक, विश्वास चौधरी और बसपा से नगरपालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मुकेश उपाध्याय सहित अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज़ किया है।