रमजान माह के तीसरे जुमे पर लोगों ने अदा की नमाज
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत/अग्रवाल मंडी टटीरी। रमजान माह के तीसरे जुमे पर लोगों ने नमाज अदा कर अल्लाह से अपने गुनाहों की तौबा की। साथ ही देश में अमन चैन और भाईचारा की दुआ की गई।
अग्रवाल मंडी टटीरी कस्बे के देशवाल पट्टी स्थित मस्जिद में नमाज से पूर्व मौलवी हाजी जहीर अहमद ने तकरीर करते हुए कहा कि शरीर के हर हिस्से का रोजा होता है। आंखों का रोजा गलत न देखे, कानों का रोजा किसी की चुगली ना सुने, पैरों का रोजा खुद को गुनाहों की तरफ ना ले जाए और अपनी जुबान से किसी की बुराई न करें, पेट का रोजा हराम माल से ना खोले, शहरी में हराम माल खाकर रोजा ना रखें। सभी को रोजे में इन बातों का ध्यान रखना चाहिए तभी रोजा मुकम्मल होगा। रमजान के महीने में कुरान-ए-पाक की तिलावत करना व सुनना सवाब है। बाजार वाली मस्जिद में मौलाना मौसीन ने तकरीर करते हुए कहा कि अल्लाह ही रोजेदार को इनाम देते हैं। सभी को कुराने पाक की तिलावत करनी वह सुनना चाहिए।