बड़ौत। जागोस गांव से यमुना में होकर गुजर रही आईजीएल कंपनी की गैस इंडियन ऑयल (दादरी-पानीपत नेचुरल गैस) की क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को ठीक करने का कार्य सोमवार को शुरू कर दिया गया।
आपको बता दें कि दादरी से पानीपत तक आईजीएल कंपनी की गैस पाइप लाइन बिछी हुई है, जो जागोस गांव से यमुना को होते हुए हरियाणा के सोनीपत के घसौली आदि गांवों से होकर गुजर रही है। इस पाइप लाइन में गत 25 जुलाई की तड़के तकरीबन 3 बजे पाइपलाइन में धमाका हुआ, जो पूरे गांव में सुनाई दिया था। अंधेरा होने के कारण कुछ ही ग्रामीण जैसे तैसे यमुना किनारे पहुंचे तो उन्हें 20 फीट ऊंची पानी की लहरें/फव्वारे उठते दिखे थे। इंडियन ऑयल कम्पनी के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उन्हें जागोस गांव स्थित पाइप लाइन के सेक्शन वॉल्व (एसवी 3) को बन्द कर आपूर्ति बंद की थी। अब यमुना का जलस्तर काफी कम हो जाने के बाद कंपनी के अधिकारियों ने जागोस गांव में डेरा डाल दिया है। गांव में पंडित मदन मोहन मालवीय गेट से लेकर क्षतिग्रस्त पाइप लाइन वह इससे आगे तक के लगभग 3 किलोमीटर हिस्से को बदल जाएगा। उत्तरी क्षेत्र पाइप लाइन के जनरल मैनेजर (मेंटिनेंस) लेफ्टिनेंट कर्नल आलोक रॉय के ने बताया कि सेक्शन वाल्व (एसवी3) के पास से यह काम शुरू किया गया है, उसे जल्द से जल्द पूरा भी कर लिया जाएगा। वैकल्पिक तौर पर भटिंडा-पानीपत पाइपलाइन के माध्यम से अभी भी गैस की आपूर्ति की जा रही है।