जिलाधिकारी को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। रवा राजपूत समाज के लोगों ने आरक्षण की मांग को लेकर शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन कर धरना दिया। उन्होंने कहा कि उनकी जनसंख्या प्रदेश में काफी कम है और उनकी आर्थिक स्थिति भी खराब है। इसलिए प्रदेश में उनको आरक्षण दिया जाना चाहिए। डीएम को आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
कलक्ट्रेट में रवा राजपूत महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखवीर सिंह गठीना ने कहा कि सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक व शैक्षिक रूप से उनका समाज काफी कमजोर है। उनके समाज के लोग बागपत, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, बिजनौर आदि में निवास करते हैं। उनका मुख्य व्यवसाय खेती है। उनके समाज की जनसंख्या पिछड़ी जाति से भी काफी कम है। उन्होंने कहा कि समाज की जनसंख्या कम होने से उनके अधिकारों पर दूसरी जातियां कब्जा कर लेती हैं। वे आधुनिक गतिविधियों से भी वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि उनके समाज से आज तक सांसद, राज्यस सभा सदस्य, एमएलसी या विधायक नहीं बना है। आरक्षण न होने के कारण उनकी जाति पंचायत चुनाव में अलग-थलग रहती है। आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा भी ठीक से ग्रहण नहीं कर पाते हैं। उन्होंने डीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आरक्षण देने और राजनीतिक में भागीदारी सुनिश्चित कराने की मांग की। जिससे उनके समाज की स्थिति बेहतर हो सके। इस दौरान ब्रजकुमार, हिम्मत सिंह, राजपाल सिंह, मनोज प्रधान, करण सिंह, सुरेंद्रपाल, सचिन कुमार, मनोज नागर, मनोज कुमार, कपिल कुमार, प्रवीण कुमार, नीशू राजपूत, अश्वनी मानव, अंकित ठाकुर, कलाराम, सोमदत्त आदि मौजूद रहे।