बागपत। दिल्ली पुलिस में एसआई रठौड़ा गांव के राहुल खोखर को असाधारण कार्य पुरस्कार मिलेगा। आतंकी समेत कई कुख्यात बदमाशों को पकड़ने वाली टीम में शामिल रहे राहुल के अदम्य साहस को देखते हुए यह सम्मान दिया जाएगा। इसके लिए दिल्ली पुलिस कमिश्नर की तरफ से सूची जारी की गई है।
रठौड़ा के राहुल खोखर पुत्र सोहनबीर खोखर वर्ष 2014 में दिल्ली पुलिस में सबइंस्पेक्टर के पद पर नियुक्त हुए थे। दिल्ली की स्पेशल सेल में तैनात राहुल ने अपनी टीम के साथ पिछले साल यमुना घाट से पाकिस्तानी आतंकवादी मोहम्मद अशरफ को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा काला जठेड़ी व लारेंस विश्नोई गिरोह के पांच शार्प शूटरों को राजस्थान से गिरफ्तार किया था।
आरोपियों ने मोहन गार्डन उत्तम नगर के रियल इस्टेट व्यवसायी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। उन्होंने व्यवसायी के दोनों पैरों में गोली मारी दी थी। इन दोनों उत्कृष्ट कार्य के लिए दिल्ली पुलिस की ओर से राहुल खोखर को असाधारण कार्य पुरस्कार दिया जाएगा। जिसमें उनको मेडल व 50 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। राहुल को पहले भी दिल्ली पुलिस कमिश्नर से प्रशस्ति पत्र मिल चुका है।