न्याय नहीं मिला तो यूपी में खिलाड़ियों की महापंचायत होगी
दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे पहलवानों के बीच बृहस्पतिवार को रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह भी पहुंचे। जहां उन्होंने कहा कि सरकार ने पहलवानों की बात नहीं सुनी और उनको न्याय नहीं मिला तो यूपी में खिलाड़ियों की महापंचायत शुरू की जाएगी।
चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि जिस धरती ने चौधरी चरण सिंह को पैदा किया, किसान आंदोलन को खड़ा किया। वहां से खिलाड़ियों को हर तरह से साथ मिलेगा। कहा कि हमारे देश का खिलाड़ी इतना कमजोर नहीं है जो सरकार के उत्पीड़न से दब जाएगा।
यह भी पढ़ें: खूब दहाड़ रहा गुलदार, दहशत में यूपी का ये शहर, अब तक आठ लोगों को मार डाला
चौधरी जयंत ने कहा कि जिस समय खिलाड़ियों को प्रैक्टिस करनी चाहिए, उस समय खिलाड़ी न्याय के लिए सड़क पर बैठने को मजबूर है। कानूनी प्रक्रिया के तहत यौन शोषण जैसे गंभीर मामले में शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज होना चाहिए था। कहा कि सरकार व ब्रजभूषण शरण का कुछ लोग बचाव कर रहे है। लेकिन हम खिलाड़ियों के साथ है और इस मामले में जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई जरूर कराएंगे।