बड़ौत। असलम हत्याकांड में फरार चल रहे हत्यारोपियों को पकड़ने के लिए बुधवार को कोतवाली पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश दी। पुलिस मृतक की पत्नी आरोपी हिना को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कांशीराम कॉलोनी मलकपुर रोड निवासी फल विक्रेता असलम उम्र 27 पुत्र दिलशाद की उसकी पत्नी हीना, उसके प्रेमी विनोद, जोगेंद्र व अक्षय ने मिलकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक के भाई अकरम ने मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी विनोद, जोगेंद्र व अक्षय के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने आरोपी जोगेंद्र और अक्षय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अनैतिक संबंधों का विरोध करने पर ही हीना के प्रेमी विनोद ने एक लाख देकर असलम की हत्या कराई थी। बुधवार को अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने मलकपुर, बोहला, जौनमाना, ढ़िकाना सहित अन्य जगहों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन कहीं सुराग नहीं लग सका। सीओ सविरत्न गौतम ने बताया कि जल्द ही अन्य आरोपी भी पुलिस गिरफ्त में होंगे।