बागपत। नगर के पुराने कस्बे में पशु पैठ बंद हुई तो वहां अवैध पशु पैठ शुरू हो गई। कोतवाली पुलिस के संरक्षण में रोजाना करीब एक हजार मवेशियों को वहां लाकर बेचा जा रहा था। इसका पता चलने पर एसपी नीरज कुमार जादौन ने भारी पुलिस बल के साथ छापा मारा। मौके से 45 मवेशी बरामद किए गए।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए शासन के आदेश पर सभी पशु पैठ के संचालन पर रोक लगा दी गई थी। जिससे सभी जगहों पर पशु पैठ को बंद कर दिया गया था। मगर पुराने कस्बे में पिछले चार दिन से बड़े स्तर पर अवैध पशु पैठ शुरू कर दी गई। चार दिन से चल रही इस पैठ पर कोतवाली पुलिस ने कोई कार्रवाई करने की जरूरत नहीं समझी।
बुधवार शाम की वीडियो एसपी के पास भेजी गई, तो वह बृहस्पतिवार दोपहर में खुद ही एएसपी मनीष कुमार मिश्र, सीओ देवेंद्र कुमार शर्मा व भारी पुलिस बल को लेकर छापा मारने पहुंच गए। एसपी को वहां देखकर तस्करों में भगदड़ मच गई। तस्कर मवेशियों को छोड़कर खेतों में कूदकर भाग गए।
एसओ केवल कुर्बानी के पशु बता रहे
बागपत के पुराने कस्बे में अवैध पशु पैठ की वीडियो एसपी के पास पहुंची है, उसमें वहां करीब एक हजार मवेशी दिखाई दे रहे हैं और उनमें अधिकतर बड़े मवेशी हैं। वहां से गाड़ियों में मवेशी भरकर जाते हुए भी दिख रहे हैं। इसके बाद भी कोतवाली एसओ रवि रतन केवल उनको कुर्बानी के लिए लेकर आने की बात बता रहे हैं। इस तरह से कोतवाली पुलिस की भूमिका भी मामले में संदिग्ध मानते हुए एसपी नीरज कुमार जादौन ने जांच बैठा दी है। इस जांच में दोषी मिलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बागपत के पुराने कस्बे में अवैध पशु पैठ चल रही थी, जिसका वीडियो मिलने पर वहां छापा मारा गया। वहां से काफी पशु कब्जे में लिए गए हैं। इस मामले में कोतवाली पुलिस की भूमिका को लेकर जांच बैठा दी गई हैं। क्योंकि अगर पिछले कई दिन से इतने बड़े स्तर पर अवैध पशु पैठ चल रही थी तो यह काफी गंभीर मामला है। - नीरज कुमार जादौन, एसपी
बागपत के पुराना कस्बे में पकड़े गए पशुओं के पास खड़ी कोतवाली पुलिस- फोटो : BAGHPAT
बागपत में ब्रह्स्पतिवार को एसपी नीरज कुमार जादौन के छापामार कार्रवाई के दौरान सूनी पड़ी अवैध पश?- फोटो : BAGHPAT