संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। नगर के बड़का मार्ग पर रहने वाले लोगों ने मार्ग का निर्माण नहीं होने पर शुक्रवार को प्रदर्शन किया। निर्माण नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने नगर पालिका से मार्ग का निर्माण कराने की मांग की।
इमरान, सलीम, इस्लाम समेत अन्य लोगों का कहना है कि करीब एक वर्ष से मार्ग की हालत खराब है। जगह-जगह मार्ग में गड्ढे बने हुए हैं और इस कारण लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। गड्ढे होने के कारण जाम की भी समस्या रहती है। मार्ग पर एक इंटर कॉलेज, जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान के अलावा तीन परिषदीय विद्यालय भी है।
लोगों का कहना है कि जर्जर मार्ग की समस्या को जनप्रतिनिधि से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है मगर आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। लोगों ने जल्द मार्ग का निर्माण कराने की मांग की।
इस मौके पर अली मोहम्मद, जाहिद, आरिफ कुरैशी, अशरफ, मीनू मलिक आदि उपस्थित रहे। वहीं अधिशासी अधिकारी मनोज रस्तोगी ने कहा कि इस तरह की अभी तक उनके पास शिकायत नहीं आई है। मार्ग को दिखवाकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।