27 फरवरी से एक मार्च तक पुरा महादेव पर होगा फाल्गुनी मेले का आयोजन
एसपी ने मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर परिसर का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बालैनी। पुरा महादेव मंदिर पर 27 फरवरी से एक मार्च तक लगने वाले फाल्गुनी मेले की तैयारियां शुरू हो गई है। मंदिर परिसर और मेला परिसर में सफाई व्यवस्था कराई जा रही है। एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी मनीष मिश्र और सीओ युवराज सिंह ने मंगलवार को मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से मेले की तैयारी संबंधी जानकारी भी ली।
पुरा महादेव मंदिर में 27 फरवरी से एक मार्च तक तीन दिवसीय फाल्गुनी मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला आयोजन के लिए मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी है। मंगलवार को एसपी नीरज कुमार जादौन, एएसपी मनीष मिश्र और सीओ युवराज सिंह ने मंदिर परिसर और मेला परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंदिर समिति के पदाधिकारियों से वार्ता कर दिशा-निर्देश दिए। मंदिर परिसर की बैरिकेडिंग के अलावा मंदिर के पूर्वी, दक्षिणी व पश्चिमी द्वार का भी निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर परिसर के अलावा मेला परिसर में पुलिस बल तैनात रहेगा।
मंदिर समिति के सचिव संजीव शर्मा ने बताया कि मेला आयोजन के लिए 25 फरवरी तक सफाई, बिजली व सुरक्षा व्यवस्था के लिए सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था पूर्ण करा ली जाएगी। सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में कंट्रोल रूम बनाकर निगरानी की जाएगी।
पुरा महादेव में बनेगी स्थाई चौकी, भूमि तलाशने के निर्देश
एसपी नीरज कुमार जादौन ने कहा कि पुरा महादेव गांव में स्थाई चौकी बनाकर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने मंदिर कमेटी से सदस्यों को ग्राम पंचायत से चौकी का निर्माण कराने के लिए भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए।