विद्यार्थियों को कॉपी, पेंसिल के लिए भी रुपये देने की तैयारी
बागपत। स्कूल में छात्र-छात्राओं को यूनिफॉर्म व बैग के साथ कॉपी, पेंसिल के लिए रुपये देने की तैयारी की जा रही है। जहां अभी तक विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में 11 सौ रुपये भेजे जा रहे हैं अब उनको बढ़ाया जा सकता है। योजना का लाभ जिले के 70 हजार छात्र-छात्राओं को मिलेगा।
परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को पाठ्य पुस्तक के अलावा यूनिफॉर्म, बैग, जूते, मौजे, स्वेटर के लिए 11 सौ रुपये डीबीटी के माध्यम से मिलते हैं, जो अभिभावकों के खातों में भेजे जाते हैं। अब यूनिफॉर्म व बैग के साथ छात्र-छात्राओं को कॉपी, पेंसिल के लिए भी रुपये देने की तैयारी की जा रही है। हालांकि इस बारे में अभी तक लिखित आदेश जारी नहीं होने की बात कही जा रही है, लेकिन विद्यार्थियों का ब्यौरा मांगा जा रहा है।
एमआईएस जिला समन्वयक विकास चौहान का कहना है कि विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, जूता-मौजा, स्वेटर की धनराशि भेजने के लिए जिला स्तर पर उनके अभिभावकों के खातों को अपडेट शासन को भेज दिए जाते हैं। बैंक खाता अपडेट होने पर शासन स्तर से ही धनराशि डीबीटी के माध्यम से स्थानांतरित की जाती है। उनके अनुसार कॉपी, पेंसिल के लिए भी रुपये दिए जाते हैं तो जिले के 70 हजार विद्यार्थियों के लिए 70 लाख अतिरिक्त मिलेंगे।