खेकड़ा। नगर स्थित महामना मालवीय इंटर कॉलेज में दो मई को मतगणना होगी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद मतगणना को पारदर्शी व निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए खेकड़ा खंड विकास कार्यालय पर मतगणना अभिकर्ता पास जारी करने का कार्य शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को ब्लाक कार्यालय पर पचास लोगों ने अपने कागजात पूर्ण कर जमा कराए। पास बनवाने के लिए ब्लाक कार्यालय पर प्रत्याशी व समर्थकों की दिन भर भीड़ लगी रही। ब्लाक कार्यालय पर प्रत्याशी व समर्थक मास्क लगाकर पहुंचे। और कोविड नियमों का पालन कर लाइनंों में लगकर शारीरिक दूरी बनाकर खिड़कियों पर पास बनवाते रहे। आरओ संदीप पाल ने बताया कि प्रत्याशी मतगणना पर नजर रख सकें। इसके लिए पास जारी किया जाता है। बगैर पास किसी को भी मतगणना स्थल में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। बृहस्पतिवार को पचास एजेंटों के पूर्ण कागजात जमा हुए हैं। मतगणना केंद्र पर मतगणना के लिए तेरह टेबल की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक टेबल पर पांच कर्मचारी मतगणना करेंगे। प्रशासन द्वारा मतगणना के लिए 12-12 घंटे की शिफ्ट के लिए दो टीमों को जिम्मेदारी दी गई है।