बड़ौत से लोनी जा रही बस में छह बेटिकट यात्री पकड़े
बड़ौत। बड़ौत से लोनी जा रही बड़ौत डिपो की अनुबंधित बस में एआरएम व उनकी टीम ने छह बेटिकट यात्रियों को पकड़ा है। इससे चालक व परिचालक में भी अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल परिचालक से जवाब मांगा गया है, जल्द ही संविदा समाप्त की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एआरएम विपिन अग्रवाल को जानकारी मिली कि बड़ौत डिपो की अनुबंधित बस नंबर यूपी 17 एटी 5017 में कुल 59 सवारियों हैं। वे लोनी मोड़ जा रही हैं, लेकिन बस में छह यात्री बेटिकट सफर कर रहे हैं। इस पर एआरएम ने टीम के साथ खेकड़ा के पास छापा मारा। जांच में छह यात्री बेटिकट पकड़े गए। एआरएम ने परिचालक धीरेंद्र से जवाब मांगा तो वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। इस पर एआरएम ने लिखित में परिचालक से स्पष्टीकरण मांगा है। एआरएम विपिन अग्रवाल ने बताया कि चेकिंग के दौरान परिचालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया था। इसलिए स्पष्टीकारण मांगा है। जल्द ही उसकी संविदा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।