बागपत। सरूरपुर कलां की आरटीपीसीआर लैब में डीएनए और डेंगू जांच की तैयारी की जा रही है। लैब को अपग्रेड करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। जिले में डेंगू की जांच शुरू होने पर लोगों को समय पर इलाज की सुविधा मिलेगी। डीएनए जल्द होने से आपराधिक व अन्य मामलों का जल्द निस्तारण होगा।
सरूरपुर कलां सीएचसी की लैब में कोरोना की आरटीपीसीआर की जांच की सुविधा है। अब लैब को अपग्रेड करने की तैयारी है। लैब अपग्रेड होने पर जिले में डीएनए, डेंगू और अन्य वायरल संबंधी बीमारियों की जांच की सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लैब में जांच शुरू कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। शासन से अनुमति मिलने पर लैब को अपग्रेड कराया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि लैब में डीएनए, डेंगू और अन्य जांच के लिए लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के उपकरण की जरूरत पड़ेगी।
लैब शुरू होने पर जल्द मिलेगी रिपोर्ट
लैब अपग्रेड होने पर डेंगू समेत अन्य बीमारियों की जांच रिपोर्ट जल्द मिलेगी। जांच कराने के लिए लोगों को इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा और लोगों को समय पर इलाज की सुविधा मिलेगी।
एक साल में सौ से 120 की होती है डीएनए की जांच
जिले से हर साल 100 से 120 डीएनए की जांच कराई जाती है। जिले में जांच की सुविधा नहीं होने के कारण जिले में आने वाली डीएनए की जांच नोएडा की लैब में कराई जाती है। यहां जांच होगी तो आपराधिक व अन्य मामलों को जल्द निस्तारण होगा।
आरटीपीसीआर लैब को अपग्रेड करने के लिए सीएमओ स्तर से शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। लैब अपग्रेड होने पर जिले में डीएनए के अलावा डेंगू और अन्य वायरल संबंधी बीमारियों की जांच की सुविधा मिलेगी। - डॉ ऐश्वर्या, ब्लड बैंक प्रभारी