संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला (बागपत)। कंडेरा गांव की प्रधान चिंकी तोमर के पति पंकज तोमर को फोन पर कुख्यात बदमाश लारेंस विश्नोई के नाम से जान से मारने की धमकी मिली है। इससे ग्राम प्रधान और उनका परिवार दहशत में है। ग्राम प्रधान के पति ने थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
प्रधान के पति पंकज तोमर ने बताया कि बुधवार की रात उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम रोबिन बताया और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर रोबिन ने अपने संबंध राजस्थान, हरियाणा व दिल्ली में कुख्यात बदमाश लारेंस विश्नोई से बताए। धमकी देते हुए रोबिन ने ऑडियो भी वायरल कर दी है। फोन पर धमकी मिलने के बाद से उनका परिवार दहशत में है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी रोबिन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।