बड़ौत। बोर्ड परीक्षाओं में अब 18 दिन शेष रह गया है। ऐसे में किसी भी प्रश्न या टॉपिक को कम महत्वपूर्ण समझने की गलती न करें। प्रश्नपत्र पूरे पाठ्यक्रम में से कहीं से भी आ सकता है। इसलिए परीक्षा में पहले से उसका अभ्यास बनाए रखें। इससे आखिरी समय पर तनाव नहीं होगा और अच्छे अंक आने की उम्मीद बढ़ जाएगी।
ये बातें दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डा अंशु अग्रवाल ने विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए कहीं है। कहा कि परीक्षा को लेकर बिल्कुल भी तनाव न लें। यदि कोई परेशानी उत्पन्न होती है तो अपने कक्षा के टीचर से फोन पर बातचीत कर लें। क्योंकि तनाव आपकी सारी तैयारियां खराब करा सकता है। उन्होंने बोर्ड परीक्षा के लिए हर विषय को महत्व देने के लिए कहा।
सुझाव
- किसी भी प्रश्न या टॉपिक को कभी भी कम महत्वपूर्ण मानने की गलती बिल्कुल न करें।
- महत्वपूर्ण प्रश्नों के चक्कर में कभी न पड़ें, परीक्षा में प्रश्न पूरे पाठ्यक्रम में कहीं से भी आ सकते हैं।
- कुछ प्रश्न कठिन जरूर होते हैं, लेकिन परीक्षा में अच्छे नंबर दिलाने में मददगार साबित होते हैं।
- इसलिए ज्यादा से ज्यादा पाठ्यक्रम पढ़ने का प्रयास करें और समय मिलते ही उसका अभ्यास जरूर करें।
- कोई समस्या होने पर अपने शिक्षक से वीडियो कॉलिंग, फोन या व्हाट्सएप पे समाधान प्राप्त करें।
- अपने खानपान, दवाइयों का विशेष ध्यान रखें।