बागपत, दाहा। कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने मंगलवार को बड़ौत बुढ़ाना मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने बड़ौत में पुलिस निर्माण को लेकर हरिद्वार से हरियाणा, दिल्ली जाने वाली डाक कांवड़ पुसार-किशनपुर बराल मार्ग से निकालने के निर्देश दिए।
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने कहा कि कांवड़ यात्रा की तैयारी पहले ही पूरी कर ली जाए। जिसमें कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह बैरियर लगाने के निर्देश दिए। हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर आने वाले हरियाणा के कांवड़ियों को निर्धारित मार्ग से ही निकाला जाएगा। सुरक्षा को लेकर दाहा, बरनावा तिराहा, पुसार, भड़ल, शाहजहांपुर समेत अन्य प्वाइंटों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सुरक्षा के लिए मार्ग पर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए।
- कांवड़ मार्ग पर संरक्षित गोवंशों का जमावड़ा
इसी महीने शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के मार्ग पर संरक्षित गोवंशों ने डेरा डाल रखा है। जिससे मार्ग पर बैठे संरक्षित गोवंशों की वजह से जाम लग जाता है तो राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लाखों कांवड़ियों के आवागमन के दौरान गोवंश समस्या खड़ी कर सकते हैं। जिसके लिए ग्रामीणों राजेंद्र सिंह, देवेंद्र राणा, विकास राणा, महक सिंह ने संरक्षित गोवंशों को पकड़वाने की मांग की।
- टूटी पुलिया से हो सकता है हादसा
दाहा-बरनावा कांवड़ मार्ग पर नाले पर टूटी पुलिया से कांवड़ यात्रा के दौरान हादसा होने का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीण संजय, हीरालाल, बिंदर, विकास, सुधीर, रविंद्र आदि ने स्लैब की मरम्मत कराने की मांग की।