डाक विभाग ने मनाया महालॉगिन डे
बागपत, बड़ौत। न लाइन का झंझट और न ही किसी का फार्म भरना, इतनी आसानी से घर बैठे किसी भी बैंक शाखा से रुपये निकालकर आप तक पहुंचाने का कार्य डाक विभाग ने सोमवार को महालॉगिन डे के तहत किया।
मुख्य डाकघर में तैनात पोस्टमास्टर अशोक शर्मा ने बताया कि कोरोना को देखकर विभागीय आदेश पर सोमवार को महालॉगिन डे मनाया गया। इसके तहत 114 ग्रामीण डाक सेवक और आठ पोस्टमैन सहित उप डाकघर मेें सेवाएं सुचारु की गई। ग्रामीण डाक सेवक और पोस्टमैन अपने क्षेत्र में लोगों के घर पहुंचे और सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखते हुए एईपीएस सेवा के तहत आधार से लिंक कर किसी भी बैक शाखा से ग्राहकों को दस हजार रुपये तक भुगतान निकालकर दिया। डाक कर्मी बिजेंद्र ने बताया कि एईपीएस सेवा होने से अंगूठा द्वारा दूसरे बैंकों के खाते में जमा धनराशि की निकासी भी डाकघर के काउंटर एवं ग्रामीण डाकघर से कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि दस हजार लोगों का लक्ष्य विभाग ने दिया है, इसमें से 90 प्रतिशत लक्ष्य को हासिल किया जा चुका है, कुछ लोगों के आधार मेें खामियां मिलने पर खाते से लिंक नहीं होने के कारण रुपये नहीं निकाल सके।