बागपत। नया गांव उर्फ हमीदाबाद गांव में तालाब के आसपास के रास्ते तालाब बन गए हैं। सफाई नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ईदरीश, कृष्ण, रहीसु, सतेंद्र, बिजेंद्र, विकास आदि ने बताया कि गांव का तालाब पिछले दो साल से ओवरफ्लो चल रहा है। जिसका दूषित पानी गलियों में भर गया है और पानी निकासी नहीं होने के कारण घरों में भी घुस रहा है। जिससे ग्रामीणों को आवागमन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि समस्या का समाधान कराने की मांग को लेकर कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं कराया जा सका।
मुकेश शर्मा ने बताया कि पानी निकासी नहीं होने के कारण दूषित पानी घरों में घुस रहा है। जिससे आसपास बदबू फैली रहती है। सुखपाल का कहना है कि तालाब की सफाई नहीं होने के कारण दो साल से गलियों की दुर्दशा हो रही है। जहां महिलाओं को निकलने में ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रोहताश ने बताया कि तालाब का दूषित पानी दो साल से कई घरों में घुसा हुआ है। जिससे मकानों में दीवारों का सीमेंट भी नमी के कारण उतरने लगा है। समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो परेशानी ज्यादा बढ़ जाएंगी।
कोट....
- गांव का तालाब पिछले दो साल से ओवरफ्लो है, जिसका अटल भूजल योजना के बजट से सफाई कराने की तैयारी थी, लेकिन गांव के शहरी क्षेत्र में शामिल होने की प्रक्रिया के चलते अटल भूजल योजना में चयन नहीं हो सका। अब दोबारा प्रक्रिया शुरू हुई है, जल्द समाधान कराया जाएगा। - अंजलि चौधरी, प्रधान