बागपत में गांजा तस्कर से पूछताछ करते एएसपी अनिल कुमार
- फोटो : BAGHPAT
बड़ौत (बागपत)। कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान कैंटर से 240 किलोग्राम गांजे के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है जबकि उसके तीन साथी फरार हो गए। यह गांजा उड़ीसा से शामली जनपद के कैराना लाया जा रहा था। पुलिस ने बाजार में इसकी कीमत 50 लाख रुपये बताई है।
एएसपी अनिल कुमार और सीओ बड़ौत आलोक कुमार के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया। टीम ने आवास विकास नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान कैंटर सवार विनोद पुत्र मुन्ना निवासी वार्ड नंबर-4, ब्राह्मण पारा हनुमान मंदिर के पास कस्बा व थाना जिला बेमेत्रा, छत्तीसगढ़ को गिरफ्तार किया। तलाशी में कैंटर से 240 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक विनोद ने पूछताछ में बताया कि वे लोग उड़ीसा से गांजा कैराना लाते है और यहां से आसपास के जनपदों मेें सप्लाई करते हैं।गांजा लाते वक्त उनकी एक कार कैंटर के आगे चलती है। ताकि खतरा होने पर कार में सवार लोग कैंटर वालों को सूचना दे दें। बृहस्पतिवार को कैंटर चालक को सूचना देने वाले कार सवार लोग पुलिस को देकर भाग गए। इस कारण सूचना नहीं मिली और गांजा पकड़ा गया। उसने फरार हुए अपने तीनों साथियों के नाम भी पुलिस को बताए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बरामद गांजे की बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये है। गांजा तस्करों को पकड़ने वाली टीम में एसएसआई बलराम सिंह, कांस्टेबल अवतार सिंह, विकास और सुनील शामिल रहे।