बागपत। यमुना खादर से बुग्गियों में रेत लेकर जाने वाले लोगों को पुलिस के पकड़ने पर बसपा विधायक लोकेश दीक्षित ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा मकान निर्माण के लिए रेत ले जाने वालों को पुलिस पकड़ रही है। उन्होंने डीएम और एसपी से शिकायत की।
बसपा विधायक लोकेश दीक्षित के नेतृत्व में निवाड़ा, सिसाना, ब्राह्मण पुट्ठी, गाधी समेत कई गांवों के लोग बृहस्पतिवार को पहले डीएम, फिर एसपी से मिले। उन्होंने कहा क्षेत्र के किसान और मजदूर मकान निर्माण के लिए यमुना खादर से बुग्गियों से रेत ले जाते हैं, तो पुलिस उनको पकड़ लेती है। उनके साथ मारपीट करती है।
बुधवार को निवाड़ा गांव के नाजिम, महबूब और हारूण को पकड़ा। उनकी पिटाई की। इससे पहले ब्राह्मण पुट्ठी के लोगों के साथ मारपीट की थी। इससे पहले भी दर्जनों लोगों का पुलिस उत्पीड़न कर चुकी है।
उन्होंने कहा पुलिस रेत माफिया के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करती है। रात-दिन ट्रकों में रेत भरकर जाते हैं। वे किसी को दिखाई नहीं देते हैं। इस मौके पर सत्तार, आस मोहम्मद, नफीस, शौकीन, इंतजार, मुकेश, राजवीर, सुरेंद्र मौजूद रहे।
उधर, डीएम और एसपी ने बसपा विधायक लोकेश दीक्षित को मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।