बड़ौत। कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को असलम की हत्या में फरार चल रही उसकी पत्नी को बावली चुंगी से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर असलम की हत्या की थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
गत वर्ष 22 नवंबर को कांशीराम कालोनी मलकपुर रोड निवासी फल विक्रेता असलम (28) की बड़ौत-मलकपुर रोड पर ईंट भट्टे के पास गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के भाई अकरम ने मृतक की पत्नी, विनोद, जोगेंद्र, आबिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी जोगेंद्र को मलकपुर गांव के जंगल से गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि उसके मृतक की पत्नी से संबंध थे, इनमें बाधक बनने पर उसने जोगेंद्र उर्फ मोटा से मिलकर हत्या कराई है। बाद में पुलिस ने एक ओर हत्यारोपी अक्षय पुत्र सुंदर को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस मामले में असलम की पत्नी हीना काफी समय से फरार चल रही थी। बृहस्पतिवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। संवाद