अवैध शराब के बार कोड की जांच करते आवकारी निरीक्षक
- फोटो : अमर उजाला
बागपत पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने शुक्रवार की रात में जनपद में चार स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर करीब 33 लाख रुपये की अवैध शराब पकड़ी और आठ तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करों के वाहनों को सीज किया।
शुक्रवार की रात्रि में बालैनी पुलिस और आबकारी विभाग की टीम को सूचना मिली शराब से लदा एक कैंटर हिंडन नदी पुल से गुजर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने चेक पोस्ट पर चेकिंग शुरू कर दी। रात करीब एक बजे बागपत की तरफ से पुलिस को एक कैंटर आता दिखाई दिया। पुलिस ने चालक को कैंटर रोकने का इशारा किया तो चालक कैंटर को लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर केंटर को पकड़ लिया और थाने ले आई।
थाने लाने के बाद तलाशी लेने पर कैंटर से 17 लाख रुपये कीमत की 405 पेटी बिना रेपर की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। थाना प्रभारी रविंद्र चंद्र पंत ने बताया कि पकड़ी गई शराब मेरठ बिक्री के लिए ले जाई जा रही थी। इसकी कीमत करीब 17 लाख रुपये है। चालक तस्कर ने अपना नाम जितेंद्र पुत्र दिनेश निवासी समालखा जिला पानीपत हरियाणा बताया। तस्कर के खिलाफ थाने में शराब तस्करी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को चालान किया।
खेकड़ा कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात्रि में सूचना मिली वाया ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे से होकर हरियाणा से कैंटर में टमाटर की कैरेट के बीच में अवैध शराब लादकर बिहार ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर एक्सप्रेस वे के पास पहुंची। तभी पुलिस को एक्सप्रेस के टोल से दिल्ली सहारनपुर हाईवे की तरफ एक कैंटर आता दिखाई दिया।
पुलिस ने चालक को कैंटर रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कैंटर दौड़ा दिया। इसके चलते पुलिस ने पीछा कर कैंटर को पकड़ लिया। कैंटर में शराब लदी थी। इसके बाद कैंटर को कोतवाली लाया गया। कोतवाली में तलाशी लेने पर कैंटर से हरियाणा मार्का अवैध अंग्रेजी शराब की 180 पेटी बरामद हुई। इसकी कीमत दस लाख रुपये हैं।
तस्कर शराब को हरियाणा से बिक्री के लिए बिहार लेकर जा रहे थे। पूछताछ में तस्करों ने अपने नाम बिजेंद्र पुत्र जगदीश व विनोद पुत्र मोहनलाल निवासी मुन्दीताल थाना राजगढ़ चूरू राजस्थान बताया। तस्करों के खिलाफ कोतवाली में अवैध शराब तस्करी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को दोनों तस्करों का चालान किया।
इसके अलावा रमाला पुलिस ने ग्राम इब्राहिमपुर माजरा नहर पुल के पास से राकेश पुत्र सुल्तान निवासी रूखी रोहतक रोड थाना गोहाना जनपद सोनीपत हरियाणा व अंकित पुत्र जयभगवान निवासी ग्राम सिसाना रोहतक हरियाणा को एक फर्जी नंबर प्लेट की इको कार में लदी दस पेटी अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। दूसरी तरफ थाना छपरौली पुलिस ने छपरौली निवासी विक्की पुत्र ओमबीर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हरियाणा मार्का दो पेटी देसी शराब बरामद कर चालान किया।