अमीनगर सराय। हिसावदा गांव की ग्राम प्रधान के पति उत्तर कुमार ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में बताया कि दो जून को गांव में एक कोरोना पॉजिटिव का केस मिलने पर गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची थी। टीम की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि गली में रहने वाले लोगों ने सैंपल लेने का विरोध कर गली को सील नहीं करने दिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी थी। शोर सुनकर गांव के कुछ लोगों ने उनकी जान बचाई थी। आरोपियों ने प्रार्थी को जान से मारने की धमकी दी थी। वह जब सिंघावली अहीर थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराने गए तो थाना प्रभारी ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने से मना कर दिया। स्वयं बोलकर दूसरी तहरीर लिखवाकर अनुचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। उन्होंने डीएम से सही धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई करने की मांग की।