छपरौली। शबगा गांव में रुपये के लेनदेन को लेकर मारपीट हुई तो दोनों पक्ष के लोगों को पुलिस ने थाने में बैठा लिया। जहां एक व्यक्ति की हालत बिगड़ गई तो परिजनों ने पुलिस पर उत्पीड़न करने का आरोप लगा हंगामा कर दिया।
शबगा गांव में रुपयों के लेनदेन को लेकर मंगलवार रात दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें कार्रवाई के लिए बुधवार को बाबू खान थाने में पहुंचा तो पुलिस ने उसे थाने में बैठा लिया। दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंचे तो उनको भी बैठा दिया गया। बाबू खान के बेटे वसीम ने बताया कि उसके पिता को पुलिस ने हवालात में बंद कर दिया था, जहां वह बेहोश हो गए।
वसीम ने थाने में तैनात एक दरोगा पर पिता के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया। वहीं उसके पिता का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया और उसके बाद मेरठ रेफर कर दिया गया।
छपरौली थाना प्रभारी का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा है और इसलिए ही दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। जहां बाबू खान की तबीयत खराब हो गई तो उसका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। सीओ विजय चौधरी ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी की।
कोट...
थाने में व्यक्ति की हालत बिगड़ने के मामले में सीओ बड़ौत को जांच सौंप दी गई है। हालांकि प्रथम दृष्टया जांच में आरोप गलत लग रहे हैं। जिसकी हालत खराब बताई गई थी, वो भी ठीक है। - मनीष मिश्र, एएसपी
भाकियू पदाधिकारियों ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा
बागपत। किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने बुधवार को एडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमे जिला उपाध्यक्ष कुसेंद्र राठी ने किसानों को नलकूपों पर मुफ्त बिजली देने, आवारा गोवंशों की समस्या का समाधान कराने के साथ किसान दुर्घटना बीमा पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगे पूरी नहीं होने पर भाकियू आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। मौके पर कुलबीर राठी, सुबोध राणा, अंकुश राठी, सतेंद्र राठी, आजाद राठी मौजूद रहे। संवाद