बड़ौत। क्षेत्र में अंधाधुंध विद्युत कटौती से लोग परेशान हैं। आलम यह है कि रात्रि में लोगों को मकानों की छतों और गलियों में घूमकर काटनी पड़ रही है। शिकायत करने के बाद भी विद्युत निगम इस तरफ अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे लोगों में विद्युत निगम के खिलाफ आक्रोश पनप रहा है। इसके चलते वे आंदोलन शुरू करने का मन बना रहे हैं।
विद्युत निगम के अफसरों की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। पूरे माह विद्युत बिल जमा करने के बाद भी लोगों को आवश्यकता के अनुसार विद्युत सप्लाई नहीं मिल रही है। जहां एक ओर भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं, वहीं अंधाधुंध विद्युत कटौती ने मुश्किल और बढ़ा दी है। पिछले एक माह से लगातार निगम के अफसरों द्वारा अघोषित अंधाधुंध विद्युत कटौती की जा रही है, इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि निगम के अफसरों का विद्युत समस्याओं के निस्तारण पर कोई ध्यान नहीं है। जांच के नाम पर खुलेआम लोगों को डरा धमकाकर अवैध वसूली की जा रही है। उनकी समस्याओं की सुनवाई नहीं की जा रही है। अंधाधुंध विद्युुत कटौती से पेयजल संकट गहरा गया है। विद्युत यंत्र भी शोपीस बन गए हैं। उधर, जेई राजकुमार ने कहा कि ऊपर से जितनी सप्लाई मिल रही है, उतनी ही सप्लाई की जा रही है।