944 बुजुर्गों की पेंशन लटकी
बागपत। स्वीकृत आवेदकों की हार्ड कापी ब्लॉकों से समाज कल्याण कार्यालय न पहुंचने के कारण 944 बुजुर्गों की पेंशन अटकी हुई है। सीडीआो ने सभी खंड विकास अधिकारियों को स्वीकृत आवेदकों की हार्ड कापी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बुढ़ापे की पेंशन पानी के लिए बुजुर्गों को मशक्कत करनी पड़ रही है। इसके बावजूद कभी ब्लॉक स्तर पर फार्म लटका दिए जाते हैं या फिर जांच में। पेंशन के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने को बुजुर्गों को मजबूर होना पड़ता है। कई माह पहले भरे गए वृद्धावस्था पेंशन के फार्मों में शासन से तो मंजूरी तो मिल गई। लेकिन ब्लॉक स्तर से आवेदन लटके हुए हैं। 1926 आवेदन स्वीकृत हुए हैं। इसमें 944 आवेदनों की हार्ड कापी जांच के अभाव में कार्रवाई नहीं हो रही है। ब्लॉक स्तर से अधिकारी उन्हें लटकाए हुए हैं। इस वजह से पेंशन के लिए बुजुर्गों को लंबी जंग लड़नी पड़ती है। समाज कल्याण विभाग ने इसकी समीक्षा की। समाज कल्याण अधिकारी विमल कुमार ढाका ने बताया कि नई पेंशन के लिए शासन से 1926 आवेदन स्वीकृत हुए थे। इनमें ब्लॉकों में 944 की हार्ड कॉपी आज तक कार्यालय में जमा नहीं की है। 982 लाभार्थियों की हार्ड कॉपी ब्लॉकों से मिली है। उधर, सीडीओ पीसी जायसवाल ने सभी बीडीओ को जल्द समाज कल्याण विभाग में हार्ड कॉपी भिजवाने के निर्देश दिए। इससे समय पर वृद्धा पेंशन बुजुर्गों को मिल सके।