बस में किराए को लेकर यात्री व चालक-परिचालक में मारपीट
बडौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शुक्रवार की देर शाम शामली से दिल्ली जा रही मिनी बस में किराए को लेकर यात्री व चालक-परिचालक में मारपीट हो गई। इससे बस में सवार अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस रोकने के बाद मारपीट करने वाले यात्री भाग निकला जिसके बाद चालक-परिचालक ने यात्रियों द्वारा बनाई गई वीडियो को पुलिस को ट्वीट कर कार्रवाई की मांग की।
शुक्रवार की देर शाम शामली से यात्रियों को लेकर एक मिनी बस दिल्ली की ओर जा रही थी। जिसमें बावली गांव से एक युवक बड़ौत जाने के लिए बस में चढ़ गया। इस दौरान युवक की बस परिचालक व चालक के साथ किराए को लेकर कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। जिसका वीडियो बस में सवार यात्रियों ने बना लिया। इस दौरान जैसे ही बस बड़ौत पहुंची, तो युवक बस से नीचे उतर कर भाग गया। बाद में चालक-परिचालक ने यात्रियों से बनाए गए वीडियो को लेकर पुलिस को ट्वीट कर कार्रवाई की मांग की।
बड़ौत डिपो के स्टेशन प्रभारी नरेंद्र मान ने बताया कि मारपीट का मामला मिनी बस का है। सीओ युवराज सिंह ने बताया कि इस मामले में कुछ तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।