बड़ौत। देवोत्थान एकादशी पर विवाह कार्यक्रमों की धूम रही। शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में नवयुगल दांपत्य सूत्र में बंधे। नगर में विभिन्न जगहों पर शादी विवाह की धूम रही। देवोत्थान एकादशी के मौके पर रोडवेज बस स्टैंड और अन्य स्थानों पर भीड़ रही।
देवों के शयन के साथ पिछले चार महीने से मांगलिक कार्यों पर विराम लगा हुआ था। शुक्रवार को देव प्रबोधिनी एकादशी से परिणयोत्सव पर लगा विराम हट गया। देवोत्थान पर सूझा तथा अनसूझा मुहूर्त होने के कारण बड़ी संख्या में शादियां हुईं।
जिलेभर में 150 से अधिक नवयुगलों ने सात फेरे लिए। शाम होते ही बैंडबाजों की आवाज जगह-जगह सुनाई देने लगी। घोड़ी पर सजा दूल्हे और नाचते झूमते बराती दिखाई पड़ रहे थे। जमकर आतिशबाजी भी की जा रही थी। नगर से लेकर देहात क्षेत्रों में स्थित सभी गेस्ट हाउस आदि सजे हुए थे।
शादियों के कारण शहर में जगह-जगह जाम की स्थिति बनी हुई थी। अगले 14 विशेष मुहूर्त वाले दिनों में ज्यादा भीड़ दिखाई देगी। दिसंबर की 13 तारीख से सूर्य अस्त हो जाएगा। इस कारण फिर मकर संक्रांति के बाद विवाह की शुरुआत होगी।