अग्रवाल मंडी टटीरी। सूरजपुर महनवा के संविलियन विद्यालय में विशेष वर्ग के बच्चों की शिक्षिका के पिटाई करने के विरोध में बुधवार को अभिभावकों ने हंगामा किया। स्कूल के प्रधानाध्यापक ने अभिभावकों को समझाकर शांत किया। वहीं बीईओ पुष्पेंद्र कुमार ने विद्यालय में पहुंचकर बच्चों और शिक्षिका के बयान दर्ज किए।
स्कूल में एक शिक्षिका ने मंगलवार को बच्चों की पिटाई कर दी थी। इसके विरोध में बुधवार को गांव की हसीना, मुन्नी, जमीला, आसमा, आशीष और अनीश स्कूल पहुंचे। जहां उन्होंने बच्चों की पिटाई करने के विरोध में हंगामा किया। स्कूल के प्रधानाध्यापक राजकुमार शर्मा ने अभिभावकों को समझाकर शांत कराया। उन्होंने अभिभावकों को मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया।
वहीं बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार भी विद्यालय पहुंचे। उन्होंने स्कूल में बच्चों व शिक्षिका से घटना की जानकारी ली। शिक्षिका का कहना था कि बच्चे कक्षा में शोर मचा रहे थे, उन्होंने सिर्फ बच्चों को समझाने का प्रयास किया था। वहीं बच्चों ने बताया कि हाथ नहीं जोड़ने के कारण उनकी पिटाई की गई थी। इस मामले में किसी की तरफ से लिखित शिकायत नहीं दी गई। बीईओ पुष्पेंद्र कुमार ने शिक्षक और शिक्षिकाओं को बच्चों की पिटाई न करने और भविष्य में इस प्रकार की घटना होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।